Bihar New Electricity Connection Time Limit 2026: बिहार में नया बिजली कनेक्शन कितने दिन में मिलता है?
बिहार में नया बिजली कनेक्शन सामान्यतः 7 से 30 दिनों में मिलता है। BERC के अनुसार शहरी क्षेत्र में 7 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्र में 15 दिन की समय सीमा निर्धारित है।
नमस्ते बिहार! यदि आपने अपने घर, दुकान या व्यवसाय के लिए नए बिजली कनेक्शन हेतु ऑनलाइन आवेदन कर दिया है या करने वाले हैं, तो आपके मन में यह सवाल जरूर होगा कि आखिर नया बिजली कनेक्शन कितने दिन में मिलता है?
एक बिजली विभाग के इंजीनियर के रूप में, मैं आपको इस पोस्ट में बिहार विद्युत विनियामक आयोग (BERC) के आधिकारिक SOP (Standard Operating Procedure) के तहत तय की गई समय सीमा, आवेदन के सभी 6 चरणों (Stages) की अंदरूनी हकीकत और देरी होने पर शिकायत की पूरी प्रक्रिया बताऊंगा।
📑 विषय सूची (Table of Contents)
नया बिजली कनेक्शन मिलने में कितना समय लगता है?
⚖️ BERC SOP: नए बिजली कनेक्शन की आधिकारिक समय सीमा
🔍 धरातल की वास्तविक सच्चाई (Ground Reality vs SOP)
📱 Suvidha Bihar App: आवेदन के बाद के 6 चरण (Stages)
💡 महत्वपूर्ण इंजीनियर टिप (Partition Document अनिवार्य नियम)
⚠️ आवेदन में देरी या रद्द (Cancel) होने के मुख्य कारण
🛑 जानबूझकर की गई देरी/भ्रष्टाचार होने पर शिकायत कैसे करें?
❓ अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)
🎯 निष्कर्ष
नया बिजली कनेक्शन मिलने में कितना समय लगता है?
सामान्य परिस्थितियों में बिहार में नया बिजली कनेक्शन आवेदन स्वीकृत होने के बाद लगभग 7 से 30 दिनों के भीतर जारी कर दिया जाता है। हालांकि वास्तविक समय निम्न बातों पर निर्भर करता है:
आपका क्षेत्र ग्रामीण है या शहरी।
सभी दस्तावेज सही हैं या नहीं।
परिसर तक बिजली लाइन/पोल उपलब्ध है या नहीं।
आवेदन के समय कोई बकाया (Dues) है या नहीं।
विभागीय सॉफ्टवेयर माइग्रेशन या तकनीकी कार्य चल रहा है या नहीं।
⚖️ BERC SOP: नए बिजली कनेक्शन की आधिकारिक समय सीमा
बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करने वाली संस्था BERC के नियमों के अनुसार, नया बिजली कनेक्शन देने की एक निश्चित कानूनी समय सीमा तय की गई है:
शहरी क्षेत्र (Urban Areas): आवेदन स्वीकृत होने और सभी तकनीकी मापदंड सही पाए जाने पर अधिकतम 7 दिनों के भीतर नया कनेक्शन जारी करना अनिवार्य है।
⚠️ शहरी क्षेत्र का मतलब क्या है? बिजली विभाग के नियमों के तहत सभी नगर निगम (Municipal Corporation), नगर परिषद, नगर पालिका और नगर पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्र 'अर्बन' की श्रेणी में आते हैं।
ग्रामीण क्षेत्र (Rural Areas): शहरी क्षेत्रों को छोड़कर बाकी बचे सभी पंचायत अंतर्गत इलाकों (Villages) के लिए यह आधिकारिक समय सीमा अधिकतम 15 दिन तय की गई है।
🔍 धरातल की वास्तविक सच्चाई (Ground Reality vs SOP)
एक विभागीय इंजीनियर के तौर पर मैं आपको अंधेरे में नहीं रखूंगा। कागज पर भले ही समय सीमा 7 या 15 दिन हो, लेकिन व्यावहारिक रूप से (Practically) इन टाइमलाइंस का पालन नहीं हो पाता है। कई तरह की तकनीकी जटिलताओं (Technicalities), विभागीय स्तर पर स्टाफ की कमी (Resource Constraints) के कारण सामान्य रूप से नया कनेक्शन चालू होने में लगभग 30 दिनों का समय लग ही जाता है। उपभोक्ताओं को इस व्यावहारिक समय को ध्यान में रखकर ही अपनी योजना बनानी चाहिए।
📱 आवेदन के बाद कौन-कौन से चरण होते हैं? (Stages of Application)
जब आप Suvidha Bihar App या विभाग के पोर्टल से आवेदन सबमिट करते हैं, तो आपकी एप्लीकेशन इन 6 चरणों से होकर गुजरती है, जिसे आप ऐप में लाइव ट्रैक कर सकते हैं:
1. Registration (पंजीकरण)
क्या होता है: आपका फॉर्म ऑनलाइन सबमिट होते ही डेटाबेस में दर्ज हो जाता है और एक Request ID आपको SMS के माध्यम से मिल जाती है।
👉यह भी पढ़ें: सुविधा बिहार ऐप से नया बिजली कनेक्शन कैसे अप्लाई करें
संभावित समय: तुरंत (instant)
2. Document Verification (दस्तावेज़ जांच)
क्या होता है: आईटी मैनेजर द्वारा आपके अपलोड किए गए पहचान पत्र और जमीन के कागजात जांचे जाते हैं।
संभावित समय: 1 से 5 दिन
3. Dues Verification (बकाया जांच)
क्या होता है: फील्ड विजिट और रिकॉर्ड के आधार पर यह चेक किया जाता है कि आवेदक या उस परिसर पर पहले का कोई पुराना बिजली बिल बकाया तो नहीं है।
संभावित समय: 1 से 7 दिन (साइट विजिट के साथ ही )

4. Site Inspection (स्थल निरीक्षण/Feasibility)
क्या होता है: आपके क्षेत्र के लाइनमैन या जेई यह देखते हैं कि नजदीकी पोल से आपके घर तक सर्विस तार खींचना तकनीकी रूप से संभव है या नहीं।
संभावित समय: 2 to 10 दिन
site verification सत्यापन होने के उपरांत आपको SMS के माध्यम से सूचित भी किया जाता है, कि "आपके परिसर में जल्द ही मीटर की स्थापना की जाएगी"।
💡 इंजीनियर सीक्रेट: Stage 3 और Stage 4 एक साथ होते हैं!
हालांकि Suvidha Bihar App में Stage 3 (Dues Verification) और Stage 4 (Site Inspection) अलग-अलग दिखाई देते हैं, लेकिन व्यावहारिक रूप से ये दोनों काम अलग-अलग नहीं किए जाते। जब लाइनमैन या जूनियर इंजीनियर (JE) आपके घर भौतिक स्थल निरीक्षण (Site Visit) या लोकल पूछताछ के लिए आते हैं, उसी समय वे यह भी जांच लेते हैं कि उस परिसर या जमीन पर किसी अन्य सदस्य का पुराना बिजली बिल बकाया तो नहीं है।
5. Meter/Material Installation (स्मार्ट मीटर स्थापना)
क्या होता है: साइट पास होने के बाद, विभाग की अधिकृत मीटरिंग एजेंसी आपके परिसर में आकर नया स्मार्ट प्रीपेड मीटर स्थापित करती है।
संभावित समय: 2 से 7 दिन
👉यह भी पढ़ें:
6. Service Release (कनेक्शन एक्टिवेशन)
क्या होता है: मीटर की फाइनल रीडिंग और सीरियल नंबर सिस्टम में सिंक होते ही आपको 11 या 12 अंकों की उपभोक्ता संख्या (CA Number) मिल जाती है और आपका कनेक्शन पूर्णतः सक्रिय हो जाता है।
संभावित समय: 1 से 3 दिन
💡 महत्वपूर्ण इंजीनियर टिप (Expert Advice)
⚖️ बंटवारे का नियम (Partition Rule): यदि आप एक ही घरेलू परिसर (Premises) या प्लॉट में दूसरा घरेलू कनेक्शन लेना चाहते हैं (जैसे भाई-भाई या माता-पिता से अलग होकर), तो आवेदन करते समय बंटवारे के कागजात (Partition Document या वैध शपथ पत्र/Affidavit) अपलोड करना अनिवार्य है।
यदि आप ऐसा नहीं करते हैं, तो 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के अवैध लाभ/दुरुपयोग को रोकने के नियमों के तहत आपका आवेदन निश्चित रूप से रद्द (Reject) कर दिया जाएगा।
⚠️ आवेदन में देरी क्यों होती है?
नया बिजली कनेक्शन मिलने में देरी के कुछ सामान्य कारण:
गलत मोबाइल नंबर देना या साइट निरीक्षण के समय संपर्क नहीं होना।
अधूरे या धुंधले दस्तावेज का मैसेज आने के बावजूद भी सही दस्तावेज पुनः अपलोड नहीं करना।
जमीन की रसीद अपलोड नहीं करना।
गलत बिजली कार्यालय (Section) का स्वतः चयन होना।
पुराने बकाये (Dues) का मामला होना।
बंटवारे के कागजात (Partition Document या वैध शपथ पत्र/Affidavit) अपलोड न करना।
🛑 जानबूझकर की गई देरी/भ्रष्टाचार होने पर शिकायत कैसे करें?
तकनीकी और स्टाफ की कमी के अलावा, जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार (Corruption) के एंगल को भी नकारा नहीं जा सकता है, जहाँ कुछ स्थानीय कर्मचारियों द्वारा पैसों की उगाही के लिए आपके आवेदन को जानबूझकर किसी स्टेज (जैसे Site Inspection या Meter Installation) पर लटका दिया जाता है।
यदि आपको लगता है कि आपके सभी दस्तावेज सही हैं और आपके आवेदन को जानबूझकर रोका जा रहा है, तो आपको चुप बैठने की जरूरत नहीं है:
उच्चाधिकारियों से शिकायत: आप सीधे अपने क्षेत्र के सहायक कार्यपालक अभियंता (AEE), कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer - EE) या अधीक्षण अभियंता (Superintendent Engineer - SE) के विभागीय नंबर पर WhatsApp या कॉल करके अथवा कार्यालय में जाकर लिखित शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
विभागीय प्रक्रिया: इसके अलावा, आप बिजली विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन 1912 पर कॉल कर सकते हैं या विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम (CGRF) का दरवाजा खटखटा सकते हैं, जिसकी विस्तृत जानकारी मैंने अपनी पिछली पोस्ट बिजली का बिल बहुत ज्यादा आ गया है क्या करूँ? जानिए सुधार कराने की पूरी प्रक्रिया (बिहार विशेष) में विस्तार से समझाई है।
❓ अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)
Q 1. क्या नया बिजली कनेक्शन सचमुच 7 दिन में मिल सकता है? उत्तर: हाँ, यदि सभी दस्तावेज सही हों, घर के ठीक सामने पोल चालू हो और क्षेत्र में कोई तकनीकी समस्या न हो, तो शहरी क्षेत्रों में यह 7 दिन में मिल सकता है।
Q 2. क्या आवेदन की स्थिति मोबाइल से देख सकते हैं? उत्तर: हाँ, Suvidha Bihar App को डाउनलोड करके आप "New Application Status" विकल्प के जरिए घर बैठे अपने आवेदन की लाइव स्थिति देख सकते हैं।
Q 3. मीटर लगने के बाद CA Number कब मिलता है? उत्तर: आमतौर पर मीटर स्थापित होने के बाद डेटा मुख्य सर्वर पर सिंक होने में 1 से 2 दिनों (24 से 48 घंटे) का समय लगता है, जिसके बाद उपभोक्ता संख्या मिल जाती है। यदि दो दिन में आपको उपभोक्ता संख्या (CA Number) नही मिलता है तो तुरंत अपने नजदीकी विद्युत कार्यालय से संपर्क कर इसे प्राप्त कर ले अथवा शीघ्र ही इसे जेनरेट (Generate) करने के लिए अनुरोध करें।
🎯 निष्कर्ष
बिहार में नया बिजली कनेक्शन प्राप्त करने में व्यावहारिक रूप से 7 से 30 दिन का समय लग सकता है। डिजिटल व्यवस्था होने के कारण अब आप अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकते हैं। यदि आपके कागजात दुरुस्त हैं, तो किसी भी स्तर पर होने वाली अनुचित देरी के खिलाफ आवाज उठाएं।
यदि आपको आवेदन की किसी भी स्टेज में समस्या आ रही है या आपका फॉर्म काफी दिनों से अटका है, तो नीचे कमेंट करके हमसे अपनी समस्या पूछ सकते हैं!
📢 बिजली विभाग के नए अपडेट्स और समय-समय पर आने वाले नियमों की जानकारी के लिए हमारे WhatsApp Channel और Facebook Page को अभी फॉलो करें!
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें