बिहार स्मार्ट मीटर: आपका बैलेंस जल्दी खत्म क्यों होता है? जानिए असली कारण
नमस्ते बिहार!
पिछले कुछ समय से उपभोक्ताओं के बीच सबसे बड़ी चिंता यह है कि स्मार्ट मीटर में रिचार्ज बहुत जल्दी खत्म हो जाता है। लोग अक्सर इसे मीटर की खराबी या विभाग की गलती समझते हैं। आज मैं आपको एक इंजीनियर के नजरिए से बताऊंगा कि आपके बैलेंस कटने के पीछे के असली नियम क्या हैं।
बैलेंस कटने के 4 मुख्य कारण (Main Reasons):
1. नया कनेक्शन का चार्ज (New connection Charges)
यदि आपने नया बिजली का कनेक्शन लिया है तो पहले माह के बिल में नया कनेक्शन चार्ज (₹475 सिंगल फेज के लिए) जोड़ा जाता है। यह चार्ज आपके स्मार्ट मीटर के बैलेंस से एक ही दिन में काट लिया जाता है। ऐसे में किसी व्यक्ति को यह लगना सामान्य है कि स्मार्ट मीटर अत्यधिक चार्ज काटता है या काफी तेज चलता है। इसके अलावा दूसरे माह के बिल से विभाग द्वारा मटेरियल चार्ज (जो न्यू कनेक्शन के समय दिया जाता है जैसे सर्विस तार, सर्विस पाइप आदि), जो सामान्यतः ₹214 या ₹174.5 होता है, वह काटा जाता है। ये चार्ज 10 महीने तक काटा जाता है। यह चार्ज भी एक ही दिन में आपके स्मार्ट मीटर के बैलेंस से कट जाता है।
2. दैनिक फिक्स्ड चार्ज (Daily Fixed Charges)
स्मार्ट मीटर में केवल बिजली इस्तेमाल करने का पैसा नहीं कटता। आपके मंजूर भार (Sanctioned Load) के आधार पर हर दिन एक निश्चित शुल्क कटता है।
- उदाहरण: अगर आपका लोड 1kW या 2kW है, तो विभाग हर रोज उसका 'फिक्स्ड चार्ज' आपके बैलेंस से काटता है, चाहे आप उस दिन एक भी यूनिट बिजली खर्च न करें।
3. पुराने बकाये का समायोजन (Arrear Adjustment)
स्मार्ट मीटर लगने से पहले का आपका जो भी बिजली बिल बकाया था, उसे विभाग अब धीरे-धीरे आपके रिचार्ज से काटता है। यह किस्त प्रतिदिन आपके स्मार्ट मीटर बैलेंस से काटा जाता है।
- नियम: आमतौर पर आपके रिचार्ज का एक छोटा हिस्सा (मासिक बिल का लगभग 25% तक) पुराने बकाये को भरने में चला जाता है। इसे आप Bihar Bijli Smart Meter App (शहरी क्षेत्र) एवं Bihar Urja Smart Meter (ग्रामीण क्षेत्र) के invoice / consumption log सेक्शन में विस्तार से देख सकते हैं।
4. एक्सेस डिमांड चार्ज (Exccess Demand Penalty)
यदि आपने 1 किलोवाट का लोड लिया है और आप उससे ज्यादा (जैसे 1.25 किलोवाट) का सामान चला रहे हैं, तो स्मार्ट मीटर उसे तुरंत पकड़ लेता है। ऐसे में विभाग आपसे 'पेनल्टी' (Penalty) वसूलता है। यह पेनल्टी एक दिन में ही काटा जाता है। उदाहरण के लिए यदि आपका विद्युत कनेक्शन ग्रामीण घरेलू (DS1) श्रेणी का है तो 1.25 किलोवाट का लोड चलाने पर आपसे अधिक मांग शुल्क (excess demand charge) के अलावा एक अतिरिक्त किलोवाट का लोड चलाने के कारण 1 किलोवाट का अतिरिक्त fixed charge जो ₹40 है, भी जोड़ा जाएगा।
- बचाव: हमेशा अपने स्वीकृत भार (Sanctioned Load) के भीतर ही बिजली का उपयोग करें। यदि प्रतिमाह आपका एक्सेस डिमांड चार्ज कट रहा है तो आप इसे Suvidha App के माध्यम से स्वयं बढ़ाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग टिप (Expert Advice):
स्मार्ट मीटर में 'डिस्कनेक्शन हॉलिडे' (Disconnection Holiday) का नियम होता है। शाम 4 बजे के बाद रविवार या किसी सरकारी छुट्टी के दिन बैलेंस खत्म होने पर भी बिजली नहीं कटती। लेकिन ध्यान रहे, उस दौरान खर्च की गई बिजली का पैसा आपके अगले रिचार्ज में एक साथ काट लिया जाएगा।
निष्कर्ष (Conclusion):
स्मार्ट मीटर पारदर्शी है, बस हमें इसके नियमों को समझने की जरूरत है। यदि आपके पास अपने मीटर या बैलेंस से जुड़ा कोई सवाल है, तो नीचे कमेंट में पूछें। मैं एक इंजीनियर के रूप में आपकी तकनीकी मदद करने की पूरी कोशिश करूँगा।
महत्वपूर्ण नोट (Disclaimer):
यह मेरा निजी ब्लॉग है और यहाँ दी गई जानकारी मेरे व्यक्तिगत अनुभव और विभागीय नियमों की समझ पर आधारित है। यह SBPDCL की आधिकारिक वेबसाइट नहीं है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें